इस फ़ाइल में हर प्रश्न के साथ पूरा लिखा हुआ उत्तर दिया गया है। पहले उत्तर पढ़िए, फिर पुस्तक बंद करके वही उत्तर अपनी कॉपी में लिखिए, और अंत में मिलाकर देखिए कि कौन-सी बात छूट गई।
उत्तर लिखने का तरीक़ा
| अंक | लंबाई | कैसे लिखें |
|---|---|---|
| 1 अंक | एक वाक्य | सीधे उत्तर |
| 2 अंक | 30–40 शब्द | उत्तर + कारण/उदाहरण |
| 3 अंक | 60–80 शब्द | तीन अलग बिंदु, पूरे वाक्यों में |
| 5 अंक | लगभग 120 शब्द | भूमिका + पाँच बिंदु + निष्कर्ष |
| मानचित्र | — | सही जगह, साफ़ नाम |
★इस अध्याय के लिए तीन सलाह — 1. यह सूची-प्रधान अध्याय है — इसलिए हर उत्तर में नाम और संख्या दोनों लिखिए। 2. हर पत्तन के साथ एक पहचान-शब्द ज़रूर दीजिए (मुंबई = वृहत्तम, चेन्नई = प्राचीनतम कृत्रिम)। 3. ★कांडला और पश्चिमी राजस्थान वाले दोनों बिंदु अलग से याद कीजिए — RBSE में यही आते हैं।
भाग क — वस्तुनिष्ठ प्रश्न (1 अंक)
1परिवहन की आवश्यकता क्यों पड़ती है?
उत्तर देखिए
उत्तर: क्योंकि वस्तुएँ तथा सेवाएँ माँग स्थल से आपूर्ति स्थल पर अपने आप नहीं पहुँच जातीं; उन्हें आपूर्ति स्थानों से माँग स्थानों तक ले जाने हेतु परिवहन की आवश्यकता होती है।
2व्यापारी किसे कहते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: जो व्यक्ति उत्पाद को परिवहन द्वारा उपभोक्ताओं तक पहुँचाते हैं, उन्हें व्यापारी कहा जाता है।
3परिवहन के तीन मुख्य वर्ग बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: स्थल, जल तथा वायु परिवहन।
4स्थल परिवहन के तीन उपवर्ग कौन-से हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: सड़क परिवहन, रेल परिवहन तथा पाइपलाइन।
5परिवहन, संचार और व्यापार के बीच क्या संबंध है?
उत्तर देखिए
उत्तर: ये तीनों एक दूसरे के पूरक हैं।
6सड़क जाल की दृष्टि से भारत का विश्व में कौन-सा स्थान है?
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत विश्व का दूसरा सर्वाधिक सड़क जाल वाला देश है।
7भारत का सड़क जाल कितना लंबा है?
उत्तर देखिए
उत्तर: लगभग 62.16 लाख किमी. (2020-21)।
8भारत में सड़क परिवहन और रेल परिवहन में से कौन पहले शुरू हुआ?
उत्तर देखिए
उत्तर: सड़क परिवहन, रेल परिवहन से पहले प्रारंभ हुआ।
9स्वर्णिम चतुर्भुज महा राजमार्ग कितनी लेन का है और कौन-से शहरों को जोड़ता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह 6 लेन वाला है और दिल्ली-कोलकाता, चेन्नई-मुंबई व दिल्ली को जोड़ता है।
10उत्तर-दक्षिण गलियारा किन दो स्थानों को जोड़ता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: श्रीनगर को कन्याकुमारी से।
11पूर्व-पश्चिम गलियारा किन दो स्थानों को जोड़ता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: सिलचर (असम) को पोरबंदर (गुजरात) से।
12स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना का प्रमुख उद्देश्य क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत के मेगासिटी (Mega cities) के मध्य की दूरी व परिवहन समय को न्यूनतम करना।
13यह राजमार्ग परियोजना किसके अधिकार क्षेत्र में है?
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत के राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के।
14राष्ट्रीय राजमार्ग किसे कहते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: वे राजमार्ग जो देश के दूरस्थ भागों को जोड़ते हैं; ये प्राथमिक सड़क तंत्र हैं।
15राज्य राजमार्ग किसे कहते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: राज्यों की राजधानियों को ज़िला मुख्यालयों से जोड़ने वाली सड़कें राज्य राजमार्ग कहलाती हैं।
16ज़िला मार्ग किन्हें जोड़ते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: ये सड़कें ज़िले के विभिन्न प्रशासनिक केंद्रों को ज़िला मुख्यालय से जोड़ती हैं।
17प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना का उद्देश्य क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: देश के प्रत्येक गाँव को प्रमुख शहरों से पक्की सड़कों (वे सड़कें जिन पर वर्ष भर वाहन चल सकें) द्वारा जोड़ना।
18सीमा सड़क संगठन की स्थापना कब हुई?
उत्तर देखिए
उत्तर: 1960 में।
19सीमा सड़क संगठन का कार्य क्या था?
उत्तर देखिए
उत्तर: उत्तर तथा उत्तरी-पूर्वी क्षेत्रों में सामरिक महत्त्व की सड़कों का विकास करना।
20विश्व की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग कौन-सी है?
उत्तर देखिए
उत्तर: अटल टनल — 9.02 किलोमीटर।
21अटल टनल किन्हें जोड़ती है और किसने बनाई?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह मनाली को लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़ती है और इसे सीमा सड़क संगठन ने बनाया है।
22अटल टनल किस पर्वतमाला में और कितनी ऊँचाई पर है?
उत्तर देखिए
उत्तर: हिमालय की पीरपंजाल पर्वतमाला में, औसत समुद्र तल से 3000 मीटर की ऊँचाई पर।
23अटल टनल बनने से पहले लाहौल-स्पीति घाटी की क्या स्थिति थी?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह घाटी भारी बर्फ़बारी के कारण लगभग 6 महीने तक अलग-थलग रहती थी।
24पक्की सड़कें किनसे बनती हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: सीमेंट, कंक्रीट व तारकोल द्वारा; अत: ये बारहमासी सड़कें हैं।
25कच्ची सड़कों की क्या समस्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: वे वर्षा ऋतु में अनुपयोगी हो जाती हैं।
26भारत की पहली रेलगाड़ी कब और कहाँ चली?
उत्तर देखिए
उत्तर: 1853 में मुंबई और थाणे के मध्य, जो 34 किमी. की दूरी तय करती थी।
27भारतीय रेल परिवहन को कितने रेल प्रखंडों में संकलित किया गया है?
उत्तर देखिए
उत्तर: 17 रेल प्रखंडों में।
28भारतीय रेल किस दृष्टि से देश में सबसे बड़ी है?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह देश का सर्वाधिक बड़ा सार्वजनिक क्षेत्र का प्राधिकरण है।
29भारतीय रेल कितने वर्षों से समन्वयक के रूप में जानी जाती है?
उत्तर देखिए
उत्तर: पिछले 150 वर्षों से भी अधिक समय से।
30भारत का कुल रेल मार्ग कितना लंबा है?
उत्तर देखिए
उत्तर: 67,956 किमी.।
31बड़ी लाइन की चौड़ाई और लंबाई कितनी है?
उत्तर देखिए
उत्तर: चौड़ाई 1.676 मीटर तथा लंबाई 63,950 किमी.।
32मीटर लाइन और छोटी लाइन की लंबाई कितनी है?
उत्तर देखिए
उत्तर: मीटर लाइन 2,402 किमी. तथा छोटी लाइन 1,604 किमी.।
33रेल परिवहन के वितरण को कौन-से कारक प्रभावित करते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: भू-आकृतिक, आर्थिक व प्रशासकीय कारक।
34उत्तरी मैदान में रेल निर्माण की एक बाधा बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: असंख्य नदियों के विस्तृत जल मार्गों पर पुलों के निर्माण में कुछ बाधाएँ आईं।
35किन क्षेत्रों में रेल लाइन निर्माण करना कठिन है?
उत्तर देखिए
उत्तर: पश्चिमी राजस्थान, गुजरात के दलदली भाग, मध्य प्रदेश के वन-क्षेत्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा व झारखंड में।
36कोंकण रेलवे किस क्षेत्र में है और उसकी समस्याएँ क्या हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह पश्चिमी तट के साथ है; इसकी समस्याएँ भूस्खलन तथा किसी-किसी भाग में रेलवे ट्रैक का धँसना हैं।
37रेल परिवहन की तीन समस्याएँ बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: बिना टिकट यात्रा, रेल संपत्ति की हानि व चोरी, तथा ज़ंजीर खींचकर अनावश्यक रूप से गाड़ी रोकना।
38पहले पाइपलाइन का उपयोग किसलिए होता था?
उत्तर देखिए
उत्तर: शहरों व उद्योगों में पानी पहुँचाने हेतु।
39आज पाइपलाइन से क्या-क्या ले जाया जाता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: कच्चा तेल, पेट्रोल उत्पाद तथा प्राकृतिक गैस — शोधनशालाओं, उर्वरक कारख़ानों व बड़े ताप विद्युत गृहों तक।
40ठोस पदार्थों को पाइपलाइन से कैसे ले जाया जाता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: उन्हें तरल अवस्था (Slurry) में परिवर्तित कर।
41पाइपलाइन के कारण कौन-सी सुदूर शोधनशालाएँ संभव हुईं?
उत्तर देखिए
उत्तर: बरौनी, मथुरा और पानीपत।
42पाइपलाइन की लागत के बारे में क्या ख़ास बात है?
उत्तर देखिए
उत्तर: इसे बिछाने की प्रारंभिक लागत अधिक है, लेकिन चलाने (Running) की लागत न्यूनतम है।
43★परिवहन का कौन-सा साधन वहनांतरण देरी और हानियों को सबसे कम करता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: पाइपलाइन — इसमें वाहनांतरण देरी तथा हानियाँ लगभग नहीं के बराबर हैं।
44एच.वी.जे. पाइपलाइन का पूरा नाम और लंबाई क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: हजीरा-विजयपुर-जगदीशपुर; यह 1,700 किलोमीटर लंबी है।
45आज भारत की कुल गैस पाइपलाइन कितनी लंबी है?
उत्तर देखिए
उत्तर: 1700 किलोमीटर से बढ़कर 18,500 किलोमीटर तक।
46जल परिवहन की तीन ख़ूबियाँ बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: यह परिवहन का सबसे सस्ता साधन है, भारी व स्थूलकाय वस्तुएँ ढोने में अनुकूल है, तथा ऊर्जा सक्षम व पर्यावरण अनुकूल है।
47भारत का अंत:स्थलीय नौसंचालन जलमार्ग कितना लंबा है?
उत्तर देखिए
उत्तर: 14,500 किमी., जिसमें से केवल 5,685 किमी. मार्ग ही मशीनीकृत नौकाओं द्वारा तय किया जाता है।
48राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या 1 कौन-सा है?
उत्तर देखिए
उत्तर: हल्दिया तथा इलाहाबाद के मध्य गंगा जलमार्ग, जो 1620 किमी. लंबा है।
49राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या 2 कौन-सा है?
उत्तर देखिए
उत्तर: सदिया व धुबरी के मध्य 891 किमी. लंबा ब्रह्मपुत्र नदी जल मार्ग।
50राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या 3 कहाँ है?
उत्तर देखिए
उत्तर: केरल में पश्चिम-तटीय नहर (कोट्टापुरम से कोल्लम तक), उद्योगमंडल तथा चंपक्कारा नहरें — 205 किमी.।
51राष्ट्रीय जलमार्ग 4 और 5 की लंबाई कितनी है?
उत्तर देखिए
उत्तर: जलमार्ग 4 — 1078 किमी. और जलमार्ग 5 — 588 किमी.।
52★देश का कितना व्यापार समुद्रों द्वारा होता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: देश का 95 प्रतिशत व्यापार (मुद्रा रूप में 68 प्रतिशत) समुद्रों द्वारा ही होता है।
53भारत की समुद्री तट रेखा कितनी लंबी है?
उत्तर देखिए
उत्तर: 7,516.6 किमी.।
54भारत में कितने प्रमुख और कितने मध्यम-छोटे पत्तन हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: 12 प्रमुख तथा 200 मध्यम व छोटे पत्तन।
55स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात् सबसे पहले कौन-सा पत्तन विकसित किया गया?
उत्तर देखिए
उत्तर: कच्छ में कांडला पत्तन।
56कांडला पत्तन क्यों विकसित किया गया?
उत्तर देखिए
उत्तर: क्योंकि देश विभाजन से कराची पत्तन पाकिस्तान में शामिल हो गया था, उसकी कमी पूरी करने तथा मुंबई पत्तन से होने वाले व्यापारिक दबाव को कम करने के लिए।
57कांडला पत्तन का दूसरा नाम क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: दीनदयाल पत्तन।
58★कांडला पत्तन किन राज्यों का आयात-निर्यात संचालित करता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व गुजरात के औद्योगिक तथा खाद्यान्नों का।
59भारत का वृहत्तम पत्तन कौन-सा है?
उत्तर देखिए
उत्तर: मुंबई — जिसके प्राकृतिक खुले, विस्तृत व सुचारु पोताश्रय हैं।
60जवाहरलाल नेहरू पत्तन क्यों विकसित किया गया?
उत्तर देखिए
उत्तर: मुंबई पत्तन के अधिक परिवहन को ध्यान में रखकर, ताकि इस पूरे क्षेत्र को एक समूह पत्तन की सुविधा मिल सके।
61लौह-अयस्क निर्यात में कौन-सा पत्तन महत्त्वपूर्ण है?
उत्तर देखिए
उत्तर: मरमागाओ — यहाँ से देश के कुल निर्यात का आधा (50 प्रतिशत) लौह-अयस्क निर्यात किया जाता है।
62न्यू-मैंगलोर पत्तन किसका निर्यात करता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: कर्नाटक में कुद्रेमुख खानों से निकले लौह-अयस्क का।
63कोच्चि पत्तन की क्या विशेषता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह एक लैगून के मुहाने पर स्थित प्राकृतिक पोताश्रय है।
64तूतीकोरन पत्तन कहाँ है और किन देशों से व्यापार करता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: तमिलनाडु के दक्षिण-पूर्वी छोर पर; यह श्रीलंका, मालदीव आदि तथा भारत के तटीय क्षेत्रों से व्यापार संचालित करता है।
65देश का प्राचीनतम कृत्रिम पत्तन कौन-सा है?
उत्तर देखिए
उत्तर: चेन्नई — जो व्यापार की मात्रा और लदे सामान के संदर्भ में मुंबई के बाद दूसरे स्थान पर है।
66★कौन-सा पत्तन स्थल से घिरा, गहरा व सुरक्षित है?
उत्तर देखिए
उत्तर: विशाखापट्नम — जो प्रारंभ में लौह-अयस्क निर्यातक के रूप में विकसित किया गया था।
67पारादीप पत्तन कहाँ है और किसका निर्यात करता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: ओडिशा में; यह विशेषत: लौह-अयस्क का निर्यात करता है।
68कोलकाता किस प्रकार का पत्तन है?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह एक अंत:स्थलीय नदीय (Riverine) पत्तन है, जो गंगा-ब्रह्मपुत्र बेसिन की वृहत् व समृद्ध पृष्ठभूमि को सेवाएँ प्रदान करता है।
69कोलकाता पत्तन को नियमित रूप से साफ़ क्यों करना पड़ता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: क्योंकि यह ज्वारीय पत्तन है और हुगली के तलछट जमाव के कारण इसे नियमित रूप से साफ़ करना पड़ता है।
70हल्दिया पत्तन क्यों विकसित किया गया?
उत्तर देखिए
उत्तर: कोलकाता पत्तन पर बढ़ते व्यापार को कम करने हेतु सहायक पत्तन के रूप में।
71वायु परिवहन की तीन विशेषताएँ बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: यह तीव्रतम, आरामदायक व प्रतिष्ठित परिवहन का साधन है।
72वायु परिवहन उत्तरी-पूर्वी राज्यों के लिए क्यों महत्त्वपूर्ण है?
उत्तर देखिए
उत्तर: क्योंकि वहाँ बड़ी नदियाँ, विच्छिन्न धरातल, घने जंगल और निरंतर बाढ़ एक सामान्य बात है; हवाई यात्रा ने इन क्षेत्रों को अधिक अभिगम्य बना दिया है।
73पवन हंस हेलीकाप्टर लिमिटेड क्या करता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह तेल व प्राकृतिक गैस आयोग को उसकी अपतटीय संक्रियाओं में तथा उत्तरी-पूर्वी राज्यों, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखण्ड के आंतरिक क्षेत्रों में हेलीकाप्टर सेवाएँ उपलब्ध करवाता है।
74उड़ान योजना का पूरा नाम क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: ‘उड़े देश का आम नागरिक’ — यह विश्व स्तर पर अपनी तरह की पहली योजना है।
75उड़ान किस मंत्रालय की योजना है?
उत्तर देखिए
उत्तर: नागर विमानन मंत्रालय की — क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना (RCS) के तहत।
76भारत का डाक-संचार तंत्र किस दृष्टि से विशेष है?
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत का डाक-संचार तंत्र विश्व का वृहत्तम है।
77प्रथम श्रेणी की डाक में क्या आता है और वह कैसे पहुँचाई जाती है?
उत्तर देखिए
उत्तर: कार्ड व लिफ़ाफ़ा बंद चिट्ठी; ये विभिन्न स्थानों पर वायुयान द्वारा पहुँचाए जाते हैं।
78द्वितीय श्रेणी की डाक में क्या आता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: रजिस्टर्ड पैकेट, किताबें, अख़बार तथा मैगज़ीन; ये धरातलीय डाक द्वारा स्थल व जल परिवहन से पहुँचाए जाते हैं।
79छ: डाक मार्गों के नाम बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: राजधानी मार्ग, मेट्रो चैनल, ग्रीन चैनल, व्यापार (Business) चैनल, भारी चैनल तथा दस्तावेज़ चैनल।
80दूर संचार तंत्र में भारत का क्या स्थान है?
उत्तर देखिए
उत्तर: दूर संचार तंत्र में भारत एशिया महाद्वीप में अग्रणी है।
81कितने गाँव एस.टी.डी. सेवा से जुड़े हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत के दो तिहाई से अधिक गाँव एस.टी.डी. दूरभाष सेवा से जुड़े हैं।
82दूरदर्शन के बारे में क्या ख़ास है?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह देश का राष्ट्रीय समाचार व संदेश माध्यम है तथा विश्व के बृहत्तम संचार-तंत्र में एक है।
83भारत में समाचार-पत्र कितनी भाषाओं में प्रकाशित होते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: लगभग 100 भाषाओं तथा बोलियों में; सर्वाधिक हिंदी में, इसके बाद अंग्रेज़ी व उर्दू में।
84चलचित्र उत्पादन में भारत का क्या स्थान है?
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत विश्व में सर्वाधिक चलचित्रों का उत्पादक है।
85फ़िल्मों को प्रमाणित करने का अधिकार किसे है?
उत्तर देखिए
उत्तर: केंद्रीय फ़िल्म प्रमाणन बोर्ड (Central Board of Film Certification) को।
86डिजिटल भारत का मुख्य सूत्र क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: IT (भारतीय प्रतिभा) + IT (सूचना प्रौद्योगिकी) = IT (कल का भारत)।
87व्यापार किसे कहते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: राज्यों व देशों में व्यक्तियों के बीच वस्तुओं के आदान-प्रदान को व्यापार कहते हैं।
88बाज़ार क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: बाज़ार एक ऐसी जगह है जहाँ वस्तुओं का विनिमय होता है।
89★अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को राष्ट्र का आर्थिक बैरोमीटर क्यों कहा जाता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: क्योंकि एक देश के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की प्रगति उसके आर्थिक वैभव का सूचक है।
90सभी देश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर क्यों निर्भर हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: क्योंकि संसाधनों की उपलब्धता क्षेत्रीय है, अर्थात् इनका वितरण असमान है।
91व्यापार संतुलन किससे निर्धारित होता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: आयात व निर्यात के अंतर से।
92अनुकूल व्यापार संतुलन किसे कहते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: जब निर्यात मूल्य आयात मूल्य से अधिक हो, तो उसे अनुकूल व्यापार संतुलन कहते हैं।
93असंतुलित व्यापार किसे कहते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: निर्यात की अपेक्षा अधिक आयात को असंतुलित व्यापार कहते हैं।
94भारत से निर्यात होने वाली प्रमुख वस्तुएँ कौन-सी हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: रत्न व जवाहरात, रसायन एवं संबंधित उत्पाद तथा कृषि एवं संबंधित उत्पाद।
95भारत में आयातित प्रमुख वस्तुएँ कौन-सी हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: कच्चा पेट्रोलियम तथा उत्पाद, रत्न व जवाहरात, आधार धातुएँ, मशीनें, कृषि व अन्य उत्पाद।
96भारत किस रूप में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उभरा है?
उत्तर देखिए
उत्तर: एक सॉफ़्टवेयर महाशक्ति के रूप में; यह सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से अत्यधिक विदेशी मुद्रा अर्जित कर रहा है।
97पर्यटन उद्योग में कितने व्यक्ति प्रत्यक्ष रूप से संलग्न हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: 150 लाख से अधिक।
98विदेशी पर्यटक भारत किन कारणों से आते हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: विरासत पर्यटन, पारि-पर्यटन (eco-tourism), रोमांचकारी पर्यटन, सांस्कृतिक पर्यटन, चिकित्सा पर्यटन तथा व्यापारिक पर्यटन के लिए।
भाग ख — लघूत्तरात्मक प्रश्न (2 अंक)
1सड़क परिवहन के तीन गुण बताएँ। (अभ्यास प्रश्न 2-i)
उत्तर देखिए
उत्तर: पहला, रेलवे लाइन की अपेक्षा सड़कों की निर्माण लागत बहुत कम है और अपेक्षाकृत ऊबड़-खाबड़ व विच्छिन्न भू-भागों तथा अधिक ढाल प्रवणता व पहाड़ी क्षेत्रों में भी सड़कें बनाई जा सकती हैं। दूसरा, कम व्यक्तियों, कम दूरी व कम वस्तुओं के परिवहन में सड़क मितव्ययी है; और तीसरा, यह घर-घर सेवाएँ उपलब्ध करवाता है तथा सामान चढ़ाने व उतारने की लागत भी अपेक्षाकृत कम है।
2रेल परिवहन कहाँ पर अत्यधिक सुविधाजनक परिवहन साधन है तथा क्यों? (अभ्यास प्रश्न 2-ii)
उत्तर देखिए
उत्तर: उत्तरी मैदान में रेल परिवहन सबसे अधिक सुविधाजनक है। इसका कारण यह है कि यहाँ विस्तृत समतल भूमि, सघन जनसंख्या घनत्व, संपन्न कृषि व प्रचुर संसाधन हैं, जो रेल परिवहन के विकास व वृद्धि में सहायक रहे हैं; यद्यपि असंख्य नदियों के विस्तृत जल मार्गों पर पुलों के निर्माण में कुछ बाधाएँ भी आई हैं।
3सीमांत सड़कों का महत्त्व बताएँ। (अभ्यास प्रश्न 2-iii)
उत्तर देखिए
उत्तर: सीमांत सड़कों का निर्माण व देख-रेख भारत सरकार प्राधिकरण के अधीन सीमा सड़क संगठन करता है, जो 1960 में बनाया गया था और जिसका कार्य उत्तर तथा उत्तरी-पूर्वी क्षेत्रों में सामरिक महत्त्व की सड़कों का विकास करना था। इन सड़कों के विकास से दुर्गम क्षेत्रों में अभिगम्यता बढ़ी है तथा ये इन क्षेत्रों के आर्थिक विकास में भी सहायक हुई हैं।
4व्यापार से आप क्या समझते हैं? स्थानीय व अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में अंतर स्पष्ट करें। (अभ्यास प्रश्न 2-iv)
उत्तर देखिए
उत्तर: राज्यों व देशों में व्यक्तियों के बीच वस्तुओं के आदान-प्रदान को व्यापार कहते हैं, और जिस जगह इसका विनिमय होता है उसे बाज़ार कहते हैं। स्थानीय व्यापार शहरों, क़स्बों व गाँवों में होता है, जबकि दो देशों के मध्य होने वाला व्यापार अंतर्राष्ट्रीय व्यापार कहलाता है, जो समुद्री, हवाई व स्थलीय मार्गों द्वारा हो सकता है।
5स्वर्णिम चतुर्भुज महा राजमार्ग परियोजना क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत सरकार ने दिल्ली-कोलकाता, चेन्नई-मुंबई व दिल्ली को जोड़ने वाली 6 लेन वाली महा राजमार्गों की सड़क परियोजना प्रारंभ की है। इस परियोजना के तहत दो गलियारे प्रस्तावित हैं — उत्तर-दक्षिण गलियारा जो श्रीनगर को कन्याकुमारी से जोड़ता है, तथा पूर्व-पश्चिम गलियारा जो सिलचर (असम) तथा पोरबंदर (गुजरात) को जोड़ता है।
6स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना का उद्देश्य क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: इस महा राजमार्ग का प्रमुख उद्देश्य भारत के मेगासिटी (Mega cities) के मध्य की दूरी व परिवहन समय को न्यूनतम करना है। यह राजमार्ग परियोजना भारत के राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकार क्षेत्र में है।
7प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: यह उन सड़कों के विकास की योजना है जो ग्रामीण क्षेत्रों तथा गाँवों को शहरों से जोड़ती हैं। इस परियोजना का विशेष प्रावधान यह है कि देश के प्रत्येक गाँव को प्रमुख शहरों से पक्की सड़कों — अर्थात् वे सड़कें जिन पर वर्ष भर वाहन चल सकें — द्वारा जोड़ना प्रस्तावित है।
8पक्की और कच्ची सड़कों में अंतर बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: पक्की सड़कें सीमेंट, कंक्रीट व तारकोल द्वारा निर्मित होती हैं, अत: ये बारहमासी सड़कें हैं और उन पर वर्ष भर वाहन चल सकते हैं। इसके विपरीत कच्ची सड़कें वर्षा ऋतु में अनुपयोगी हो जाती हैं।
9अटल टनल के बारे में लिखिए।
उत्तर देखिए
उत्तर: विश्व की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग — अटल टनल (9.02 किलोमीटर) — सीमा सड़क संगठन द्वारा बनाई गई है और यह सुरंग पूरे साल मनाली को लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़ती है। पहले यह घाटी भारी बर्फ़बारी के कारण लगभग 6 महीने तक अलग-थलग रहती थी; यह सुरंग हिमालय की पीरपंजाल पर्वतमाला में औसत समुद्र तल से 3000 मीटर की ऊँचाई पर बनाई गई है।
10भारतीय रेल के महत्त्व पर संक्षेप में लिखिए।
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत में रेल परिवहन, वस्तुओं तथा यात्रियों के परिवहन का प्रमुख साधन है और यह व्यापार, भ्रमण, तीर्थ यात्राओं व लंबी दूरी तक सामान के परिवहन में सहायक है। यह देश का सर्वाधिक बड़ा सार्वजनिक क्षेत्र का प्राधिकरण है तथा देश की अर्थव्यवस्था, उद्योगों व कृषि के तीव्र गति से विकास के लिए उत्तरदायी है।
11रेल परिवहन के लिए हिमालय क्षेत्र प्रतिकूल क्यों है?
उत्तर देखिए
उत्तर: हिमालय पर्वतीय क्षेत्र दुर्लभ उच्चावच, विरल जनसंख्या तथा आर्थिक अवसरों की कमी के कारण रेलवे लाइन के निर्माण में प्रतिकूल परिस्थितियाँ उत्पन्न करता है। इसी प्रकार पश्चिमी राजस्थान, गुजरात के दलदली भाग, मध्य प्रदेश के वन-क्षेत्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा व झारखंड में भी रेल लाइन निर्माण करना कठिन है।
12कोंकण रेलवे का क्या महत्त्व है और इसकी समस्याएँ क्या हैं?
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत के महत्त्वपूर्ण आर्थिक क्षेत्र में पश्चिमी तट के साथ कोंकण रेलवे के विकास ने यात्री व वस्तुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाया है। यद्यपि यहाँ असंख्य समस्याएँ भी हैं, जैसे भूस्खलन तथा किसी-किसी भाग में रेलवे ट्रैक का धँसना।
13रेल परिवहन की समस्याएँ बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: बहुत से यात्री बिना टिकट यात्रा करते हैं, तथा रेल संपत्ति की हानि व चोरी जैसी समस्याएँ भी पूर्णतया समाप्त नहीं हुई हैं। इसके अतिरिक्त यात्री ज़ंजीर खींच कर कहीं भी अनावश्यक रूप से गाड़ी रोकते हैं, जिससे रेलवे को भारी हानि उठानी पड़ती है।
14★पाइपलाइन परिवहन के दो लाभ बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: पहला लाभ यह है कि पाइपलाइन बिछाने की प्रारंभिक लागत अधिक है लेकिन इसको चलाने (Running) की लागत न्यूनतम है। दूसरा लाभ यह है कि वाहनांतरण देरी तथा हानियाँ इसमें लगभग नहीं के बराबर हैं।
15पाइपलाइन ने किस प्रकार उद्योगों की स्थापना संभव बनाई?
उत्तर देखिए
उत्तर: सुदूर आंतरिक भागों में स्थित शोधनशालाएँ जैसे बरौनी, मथुरा व पानीपत तथा गैस पर आधारित उर्वरक कारख़ानों की स्थापना पाइपलाइनों के जाल के कारण ही संभव हो पाई है। साथ ही ठोस पदार्थों को तरल अवस्था (Slurry) में परिवर्तित कर भी पाइपलाइनों द्वारा ले जाया जाता है।
16जल परिवहन क्यों लाभदायक है?
उत्तर देखिए
उत्तर: जल परिवहन, परिवहन का सबसे सस्ता साधन है और यह भारी व स्थूलकाय वस्तुएँ ढोने में अनुकूल है। साथ ही यह परिवहन साधनों में ऊर्जा सक्षम तथा पर्यावरण अनुकूल भी है।
17★कांडला पत्तन के बारे में लिखिए।
उत्तर देखिए
उत्तर: स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात् कच्छ में कांडला पहले पत्तन के रूप में विकसित किया गया; ऐसा देश विभाजन से कराची पत्तन के पाकिस्तान में शामिल हो जाने से उसकी कमी को पूरा करने तथा मुंबई पत्तन से होने वाले व्यापारिक दबाव को कम करने के लिए किया गया था। कांडला, जिसे दीनदयाल पत्तन के नाम से भी जाना जाता है, एक ज्वारीय पत्तन है और यह जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व गुजरात के औद्योगिक तथा खाद्यान्नों के आयात-निर्यात को संचालित करता है।
18कोलकाता पत्तन की विशेषताएँ बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: कोलकाता एक अंत:स्थलीय नदीय (Riverine) पत्तन है, जो गंगा-ब्रह्मपुत्र बेसिन के वृहत् व समृद्ध पृष्ठभूमि को सेवाएँ प्रदान करता है। ज्वारीय (Tidal) पत्तन होने के कारण तथा हुगली के तलछट जमाव से इसे नियमित रूप से साफ़ करना पड़ता है; और इस पर बढ़ते व्यापार को कम करने हेतु हल्दिया सहायक पत्तन के रूप में विकसित किया गया है।
19मरमागाओ और न्यू-मैंगलोर पत्तनों का क्या महत्त्व है?
उत्तर देखिए
उत्तर: लौह-अयस्क के निर्यात के संदर्भ में मरमागाओ पत्तन देश का महत्त्वपूर्ण पत्तन है; यहाँ से देश के कुल निर्यात का आधा (50 प्रतिशत) लौह-अयस्क निर्यात किया जाता है। कर्नाटक में स्थित न्यू-मैंगलोर पत्तन कुद्रेमुख खानों से निकले लौह-अयस्क का निर्यात करता है।
20उत्तर-पूर्वी राज्यों में वायु परिवहन अधिक महत्त्वपूर्ण क्यों है?
उत्तर देखिए
उत्तर: क्योंकि वहाँ बड़ी नदियाँ, विच्छिन्न धरातल, घने जंगल तथा निरंतर बाढ़ एक सामान्य बात है, जिससे स्थल परिवहन कठिन हो जाता है। हवाई यात्रा ने इन क्षेत्रों को अधिक अभिगम्य बना दिया है, और पवन हंस हेलीकाप्टर लिमिटेड इन अगम्य व दुर्लभ भू-भागों में हेलीकाप्टर सेवाएँ भी उपलब्ध करवाता है।
21उड़ान योजना क्या है?
उत्तर देखिए
उत्तर: उड़ान (उड़े देश का आम नागरिक) विश्व स्तर पर अपनी तरह की पहली योजना है, जिसे क्षेत्रीय विमानन बाज़ार में तेज़ी लाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। आम नागरिक के लिए उड़ान को किफ़ायती बनाकर क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए नागर विमानन मंत्रालय द्वारा क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना (RCS) की कल्पना की गई थी।
22भारत के डाक-संचार तंत्र के बारे में लिखिए।
उत्तर देखिए
उत्तर: भारत का डाक-संचार तंत्र विश्व का वृहत्तम है और यह पार्सल, निजी पत्र व्यवहार तथा तार आदि को संचालित करता है। कार्ड व लिफ़ाफ़ा बंद चिट्ठी पहली श्रेणी की डाक समझी जाती है और वायुयान द्वारा पहुँचाई जाती है, जबकि रजिस्टर्ड पैकेट, किताबें, अख़बार तथा मैगज़ीन द्वितीय श्रेणी की डाक हैं जो धरातलीय डाक द्वारा पहुँचाई जाती हैं।
23जन-संचार का क्या महत्त्व है?
उत्तर देखिए
उत्तर: जन-संचार मानव को मनोरंजन के साथ बहुत से राष्ट्रीय कार्यक्रमों व नीतियों के विषय में जागरूक करता है; इसमें रेडियो, दूरदर्शन, समाचार-पत्र, पत्रिकाएँ, किताबें तथा चलचित्र सम्मिलित हैं। आकाशवाणी राष्ट्रीय, क्षेत्रीय तथा स्थानीय भाषा में विविध कार्यक्रम प्रसारित करता है, और दूरदर्शन देश का राष्ट्रीय समाचार व संदेश माध्यम है तथा विश्व के बृहत्तम संचार-तंत्र में एक है।
24★अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को ‘राष्ट्र का आर्थिक बैरोमीटर’ क्यों कहा जाता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: क्योंकि एक देश के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की प्रगति उसके आर्थिक वैभव का सूचक है। सभी देश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर निर्भर हैं क्योंकि संसाधनों की उपलब्धता क्षेत्रीय है, अर्थात् इनका वितरण असमान है।
25अनुकूल तथा असंतुलित व्यापार में अंतर बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर: आयात व निर्यात का अंतर ही देश के व्यापार संतुलन को निर्धारित करता है। अगर निर्यात मूल्य आयात मूल्य से अधिक हो तो उसे अनुकूल व्यापार संतुलन कहते हैं; इसके विपरीत निर्यात की अपेक्षा अधिक आयात असंतुलित व्यापार कहलाता है।
26पर्यटन को एक व्यापार क्यों माना जाता है?
उत्तर देखिए
उत्तर: पिछले तीन दशकों में भारत में पर्यटन उद्योग में महत्त्वपूर्ण वृद्धि हुई है और 150 लाख से अधिक व्यक्ति पर्यटन उद्योग में प्रत्यक्ष रूप से संलग्न हैं। पर्यटन राष्ट्रीय एकता को प्रोत्साहित करता है, स्थानीय हस्तकला व सांस्कृतिक उद्यमों को प्रश्रय देता है, तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर संस्कृति व विरासत की समझ विकसित करने में सहायक है।
भाग ग — लघूत्तरात्मक प्रश्न (3 अंक)
1सड़क परिवहन की रेल परिवहन की अपेक्षा बढ़ती महत्ता के कारण बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर:
- रेलवे लाइन की अपेक्षा सड़कों की निर्माण लागत बहुत कम है; तथा अपेक्षाकृत ऊबड़-खाबड़ व विच्छिन्न भू-भागों पर भी सड़कें बनाई जा सकती हैं।
- अधिक ढाल प्रवणता तथा पहाड़ी क्षेत्रों में भी सड़कें निर्मित की जा सकती हैं; और अपेक्षाकृत कम व्यक्तियों, कम दूरी व कम वस्तुओं के परिवहन में सड़क मितव्ययी है।
- यह घर-घर सेवाएँ उपलब्ध करवाता है तथा सामान चढ़ाने व उतारने की लागत भी अपेक्षाकृत कम है; और सड़क परिवहन अन्य परिवहन साधनों के उपयोग में एक कड़ी के रूप में भी कार्य करता है — जैसे सड़कें रेलवे स्टेशन, वायु व समुद्री पत्तनों को जोड़ती हैं।
2भारत में सड़कों का वर्गीकरण कीजिए।
उत्तर देखिए
उत्तर:
- स्वर्णिम चतुर्भुज महा राजमार्ग — 6 लेन वाले, दिल्ली-कोलकाता, चेन्नई-मुंबई व दिल्ली को जोड़ते हैं; इसके तहत उत्तर-दक्षिण गलियारा (श्रीनगर ↔ कन्याकुमारी) और पूर्व-पश्चिम गलियारा (सिलचर ↔ पोरबंदर) प्रस्तावित हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग देश के दूरस्थ भागों को जोड़ते हैं और प्राथमिक सड़क तंत्र हैं।
- राज्य राजमार्ग राज्यों की राजधानियों को ज़िला मुख्यालयों से जोड़ते हैं; ज़िला मार्ग ज़िले के विभिन्न प्रशासनिक केंद्रों को ज़िला मुख्यालय से जोड़ते हैं; और अन्य सड़कें ग्रामीण क्षेत्रों व गाँवों को शहरों से जोड़ती हैं, जिनके लिए ‘प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना’ चलाई गई है।
- सीमांत सड़कें — इनका निर्माण व देख-रेख सीमा सड़क संगठन (1960) करता है, जिसका कार्य उत्तर तथा उत्तरी-पूर्वी क्षेत्रों में सामरिक महत्त्व की सड़कों का विकास करना था; इनसे दुर्गम क्षेत्रों में अभिगम्यता बढ़ी है।
3रेल परिवहन के वितरण को प्रभावित करने वाले कारकों का वर्णन कीजिए।
उत्तर देखिए
उत्तर:
- देश में रेल परिवहन के वितरण को प्रभावित करने वाले कारकों में भू-आकृतिक, आर्थिक व प्रशासकीय कारक प्रमुख हैं।
- उत्तरी मैदान अपनी विस्तृत समतल भूमि, सघन जनसंख्या घनत्व, संपन्न कृषि व प्रचुर संसाधनों के कारण रेल परिवहन के विकास में सहायक रहा है, यद्यपि असंख्य नदियों के विस्तृत जल मार्गों पर पुलों के निर्माण में कुछ बाधाएँ आईं। प्रायद्वीप भारत में रेलमार्ग ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी क्षेत्रों, छोटी पहाड़ियों और सुरंगों से होकर गुज़रते हैं।
- हिमालय पर्वतीय क्षेत्र दुर्लभ उच्चावच, विरल जनसंख्या तथा आर्थिक अवसरों की कमी के कारण प्रतिकूल है; और पश्चिमी राजस्थान, गुजरात के दलदली भाग, मध्य प्रदेश के वन-क्षेत्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा व झारखंड में रेल लाइन निर्माण कठिन है। सह्याद्रि को घाट या दर्रों द्वारा ही पार किया जा सकता है।
4भारत के राष्ट्रीय जलमार्गों का वर्णन कीजिए।
उत्तर देखिए
उत्तर:
- भारत में अंत:स्थलीय नौसंचालन जलमार्ग 14,500 किमी. लंबा है, जिसमें केवल 5,685 किमी. मार्ग ही मशीनीकृत नौकाओं द्वारा तय किया जाता है।
- राष्ट्रीय जलमार्ग 1 — हल्दिया तथा इलाहाबाद के मध्य गंगा जलमार्ग, 1620 किमी.; राष्ट्रीय जलमार्ग 2 — सदिया व धुबरी के मध्य ब्रह्मपुत्र, 891 किमी.; राष्ट्रीय जलमार्ग 3 — केरल में पश्चिम-तटीय नहर, उद्योगमंडल तथा चंपक्कारा नहरें, 205 किमी.।
- राष्ट्रीय जलमार्ग 4 — काकीनाडा और पुदुच्चेरी नहर के साथ गोदावरी और कृष्णा, 1078 किमी.; और राष्ट्रीय जलमार्ग 5 — मातई नदी, महानदी के डेल्टा चैनल तथा ब्राह्मणी नदी, 588 किमी.। इनके अतिरिक्त माण्डवी, जुआरी, कम्बरजुआ, सुन्दरवन, बराक और केरल का पश्चजल भी जलमार्ग हैं।
5संचार सेवाओं का वर्णन कीजिए।
उत्तर देखिए
उत्तर:
- भारत का डाक-संचार तंत्र विश्व का वृहत्तम है; प्रथम श्रेणी की डाक (कार्ड व लिफ़ाफ़ा बंद चिट्ठी) वायुयान द्वारा और द्वितीय श्रेणी की डाक (रजिस्टर्ड पैकेट, किताबें, अख़बार, मैगज़ीन) धरातलीय डाक द्वारा पहुँचाई जाती है। शीघ्रता हेतु छ: डाक मार्ग बनाए गए हैं।
- दूर संचार तंत्र में भारत एशिया महाद्वीप में अग्रणी है; दो तिहाई से अधिक गाँव एस.टी.डी. सेवा से जुड़े हैं और सरकार ने प्रत्येक गाँव में चौबीस घंटे एस.टी.डी. सुविधा के विशेष प्रबंध किए हैं।
- जन-संचार में रेडियो, दूरदर्शन, समाचार-पत्र, पत्रिकाएँ, किताबें तथा चलचित्र सम्मिलित हैं; दूरदर्शन विश्व के बृहत्तम संचार-तंत्र में एक है, समाचार-पत्र लगभग 100 भाषाओं व बोलियों में छपते हैं (सर्वाधिक हिंदी में), और भारत विश्व में सर्वाधिक चलचित्रों का उत्पादक है।
6अंतर्राष्ट्रीय व्यापार का महत्त्व बताइए।
उत्तर देखिए
उत्तर:
- “एक देश के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की प्रगति उसके आर्थिक वैभव का सूचक है। इसीलिए इसे राष्ट्र का आर्थिक बैरोमीटर भी कहा जाता है।”
- सभी देश अंतर्राष्ट्रीय व्यापार पर निर्भर हैं क्योंकि संसाधनों की उपलब्धता क्षेत्रीय है, अर्थात् इनका वितरण असमान है; आयात तथा निर्यात व्यापार के घटक हैं और इनका अंतर ही देश के व्यापार संतुलन को निर्धारित करता है।
- भारत से रत्न व जवाहरात, रसायन एवं संबंधित उत्पाद तथा कृषि एवं संबंधित उत्पाद निर्यात होते हैं, जबकि कच्चा पेट्रोलियम, रत्न व जवाहरात, आधार धातुएँ, मशीनें तथा कृषि उत्पाद आयात किए जाते हैं। साथ ही भारत एक सॉफ़्टवेयर महाशक्ति के रूप में उभरा है और सूचना प्रौद्योगिकी से अत्यधिक विदेशी मुद्रा अर्जित कर रहा है।
भाग घ — निबंधात्मक प्रश्न (5 अंक)
1परिवहन तथा संचार के साधन किसी देश की जीवन रेखा तथा अर्थव्यवस्था क्यों कहे जाते हैं? (अभ्यास प्रश्न 3-i)
उत्तर देखिए
उत्तर:
- वस्तुएँ तथा सेवाएँ माँग स्थल से आपूर्ति स्थल पर अपने आप नहीं पहुँच जातीं; उन्हें आपूर्ति स्थानों से माँग स्थानों तक ले जाने हेतु परिवहन की आवश्यकता होती है। इसीलिए एक देश के विकास की गति वस्तुओं तथा सेवाओं के उत्पादन के साथ-साथ उनके एक स्थान से दूसरे स्थान तक वहन (movement) की सुविधा पर भी निर्भर करती है।
- सक्षम व तीव्र गति वाले परिवहन से आज संसार एक बड़े गाँव में परिवर्तित हो गया है; और परिवहन का यह विकास संचार साधनों के विकास की सहायता से ही संभव हो सका है। इसीलिए परिवहन, संचार व व्यापार एक दूसरे के पूरक हैं।
- आज भारत अपने विशाल आकार, विविधताओं, भाषाई तथा सामाजिक व सांस्कृतिक बहुलताओं के बावजूद संसार के सभी क्षेत्रों से सुचारू रूप से जुड़ा हुआ है।
- रेल, वायु एवं जल परिवहन, समाचारपत्र, रेडियो, दूरदर्शन, सिनेमा तथा इंटरनेट आदि इसके सामाजिक-आर्थिक विकास में अनेक प्रकार से सहायक हैं।
- स्थानिक से अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय व्यापार ने अर्थव्यवस्था को जीवन शक्ति दी है। इसने हमारे जीवन को समृद्ध किया है तथा आरामदायक जीवन के लिए सुविधाओं व साधनों में बढ़ोतरी की है।
निष्कर्ष — अत: यह स्पष्ट है कि सघन व सक्षम परिवहन का जाल तथा संचार के साधन आज विश्व, राष्ट्र व स्थानीय व्यापार हेतु पूर्व-अपेक्षित हैं। इसीलिए इन्हें राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था की जीवन रेखाएँ कहा जाता है।
2पिछले पंद्रह वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की बदलती प्रवृत्ति पर एक लेख लिखें। (अभ्यास प्रश्न 3-ii)
उत्तर देखिए
उत्तर:
- राज्यों व देशों में व्यक्तियों के बीच वस्तुओं का आदान-प्रदान व्यापार कहलाता है और बाज़ार वह जगह है जहाँ इसका विनिमय होता है। दो देशों के मध्य होने वाला व्यापार अंतर्राष्ट्रीय व्यापार कहलाता है, जो समुद्री, हवाई व स्थलीय मार्गों द्वारा हो सकता है।
- “एक देश के अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की प्रगति उसके आर्थिक वैभव का सूचक है। इसीलिए इसे राष्ट्र का आर्थिक बैरोमीटर भी कहा जाता है।” सभी देश इस पर निर्भर हैं क्योंकि संसाधनों की उपलब्धता क्षेत्रीय है, अर्थात् इनका वितरण असमान है।
- आयात तथा निर्यात व्यापार के घटक हैं और इनका अंतर ही देश के व्यापार संतुलन को निर्धारित करता है। यदि निर्यात मूल्य आयात मूल्य से अधिक हो तो उसे अनुकूल व्यापार संतुलन कहते हैं; इसके विपरीत निर्यात की अपेक्षा अधिक आयात असंतुलित व्यापार कहलाता है।
- विश्व के सभी भौगोलिक प्रदेशों तथा सभी व्यापारिक खंडों के साथ भारत के व्यापारिक संबंध हैं। निर्यात होने वाली प्रमुख वस्तुएँ रत्न व जवाहरात, रसायन एवं संबंधित उत्पाद तथा कृषि एवं संबंधित उत्पाद हैं, जबकि आयातित वस्तुओं में कच्चा पेट्रोलियम तथा उत्पाद, रत्न व जवाहरात, आधार धातुएँ, मशीनें, कृषि व अन्य उत्पाद शामिल हैं।
- सबसे बड़ा परिवर्तन यह आया है कि भारत अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक सॉफ़्टवेयर महाशक्ति के रूप में उभरा है तथा सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से अत्यधिक विदेशी मुद्रा अर्जित कर रहा है।
- साथ ही पर्यटन भी एक व्यापार के रूप में उभरा है — पिछले तीन दशकों में इसमें महत्त्वपूर्ण वृद्धि हुई है और 150 लाख से अधिक व्यक्ति इसमें प्रत्यक्ष रूप से संलग्न हैं; विदेशी पर्यटक विरासत, पारि-पर्यटन, रोमांचकारी, सांस्कृतिक, चिकित्सा तथा व्यापारिक पर्यटन के लिए भारत आते हैं।
3भारत के प्रमुख समुद्री पत्तनों का वर्णन कीजिए।
उत्तर देखिए
उत्तर:
- भारत की 7,516.6 किमी. लंबी समुद्री तट रेखा के साथ 12 प्रमुख तथा 200 मध्यम व छोटे पत्तन हैं; ये प्रमुख पत्तन देश का 95 प्रतिशत विदेशी व्यापार संचालित करते हैं।
- कांडला (दीनदयाल) — स्वतंत्रता के पश्चात् पहले पत्तन के रूप में विकसित; यह ज्वारीय पत्तन है और जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान व गुजरात का आयात-निर्यात संचालित करता है। मुंबई वृहत्तम पत्तन है, जिसके प्राकृतिक खुले, विस्तृत व सुचारु पोताश्रय हैं, और उसके सामने जवाहरलाल नेहरू पत्तन विकसित किया गया।
- मरमागाओ से देश के कुल निर्यात का आधा (50 प्रतिशत) लौह-अयस्क जाता है; न्यू-मैंगलोर कुद्रेमुख खानों का लौह-अयस्क निर्यात करता है; और कोच्चि एक लैगून के मुहाने पर स्थित प्राकृतिक पोताश्रय है।
- तूतीकोरन तमिलनाडु के दक्षिण-पूर्वी छोर पर प्राकृतिक पोताश्रय है और श्रीलंका, मालदीव आदि से व्यापार करता है; चेन्नई देश का प्राचीनतम कृत्रिम पत्तन है और व्यापार में मुंबई के बाद दूसरे स्थान पर है।
- विशाखापट्नम स्थल से घिरा, गहरा व सुरक्षित पत्तन है, जो प्रारंभ में लौह-अयस्क निर्यातक के रूप में विकसित हुआ; ओडिशा का पारादीप भी विशेषत: लौह-अयस्क निर्यात करता है।
- कोलकाता एक अंत:स्थलीय नदीय (Riverine) पत्तन है जो गंगा-ब्रह्मपुत्र बेसिन को सेवाएँ देता है; ज्वारीय पत्तन होने और हुगली के तलछट जमाव के कारण इसे नियमित साफ़ करना पड़ता है, और इस पर बढ़ते व्यापार को कम करने हेतु हल्दिया सहायक पत्तन विकसित किया गया है।
4भारत में सड़कों के छह वर्गों का वर्णन कीजिए।
उत्तर देखिए
उत्तर:
- स्वर्णिम चतुर्भुज महा राजमार्ग — भारत सरकार ने दिल्ली-कोलकाता, चेन्नई-मुंबई व दिल्ली को जोड़ने वाली 6 लेन वाली परियोजना प्रारंभ की है; इसके तहत उत्तर-दक्षिण गलियारा (श्रीनगर ↔ कन्याकुमारी) और पूर्व-पश्चिम गलियारा (सिलचर ↔ पोरबंदर) प्रस्तावित हैं। प्रमुख उद्देश्य मेगासिटी के मध्य दूरी व परिवहन समय को न्यूनतम करना है; यह NHAI के अधिकार क्षेत्र में है।
- राष्ट्रीय राजमार्ग — देश के दूरस्थ भागों को जोड़ते हैं; ये प्राथमिक सड़क तंत्र हैं और उत्तर से दक्षिण तथा पूर्व से पश्चिम दिशाओं में फैले हैं।
- राज्य राजमार्ग — राज्यों की राजधानियों को ज़िला मुख्यालयों से जोड़ने वाली सड़कें।
- ज़िला मार्ग — ज़िले के विभिन्न प्रशासनिक केंद्रों को ज़िला मुख्यालय से जोड़ती हैं।
- अन्य सड़कें — ग्रामीण क्षेत्रों तथा गाँवों को शहरों से जोड़ती हैं; ‘प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क परियोजना’ के तहत प्रत्येक गाँव को प्रमुख शहरों से पक्की सड़कों द्वारा जोड़ना प्रस्तावित है।
- सीमांत सड़कें — सीमा सड़क संगठन (1960) द्वारा निर्मित व देख-रेख की जाती हैं; कार्य उत्तर तथा उत्तरी-पूर्वी क्षेत्रों में सामरिक महत्त्व की सड़कों का विकास; इनसे दुर्गम क्षेत्रों में अभिगम्यता बढ़ी और ये आर्थिक विकास में भी सहायक हुईं।
निष्कर्ष — निर्माण सामग्री के आधार पर सड़कें पक्की (सीमेंट, कंक्रीट, तारकोल — बारहमासी) और कच्ची (वर्षा ऋतु में अनुपयोगी) में भी बाँटी जाती हैं।
भाग ङ — आरेख/तालिका-आधारित प्रश्न
आरेख 1 — चित्र 7.1: परिवहन के साधन
| प्रश्न | उत्तर |
|---|---|
| परिवहन के तीन मुख्य वर्ग बताइए। | स्थल, जल तथा वायु। |
| स्थल परिवहन के तीन उपवर्ग? | सड़क परिवहन, रेल परिवहन तथा पाइपलाइन। |
| जल और वायु के उपवर्ग? | जल — आंतरिक जल परिवहन तथा समुद्री परिवहन; वायु — घरेलू विमान सेवा (सार्वजनिक प्राधिकरण व निजी विमान सेवा) तथा अंतर्राष्ट्रीय विमान सेवा। |
आरेख 2 — तालिका 7.1: भारत के रेलवे मार्ग
| प्रश्न | उत्तर |
|---|---|
| कुल रेल मार्ग कितना है? | 67,956 किमी.। |
| सबसे लंबा गेज कौन-सा है और कितना? | बड़ी लाइन (1.676 मीटर) — 63,950 किमी.। |
| इस तालिका से क्या निष्कर्ष निकलता है? | कि भारत का लगभग 94 प्रतिशत रेल मार्ग बड़ी लाइन का है, यानी देश तेज़ी से एक ही गेज की ओर बढ़ रहा है। |
भाग च — मानचित्र-कार्य (5 अंक) — यह सबसे आसान अंक हैं
इस अध्याय से मानचित्र में राजमार्ग गलियारे, प्रमुख पत्तन, अंतर्राष्ट्रीय हवाई पत्तन और राष्ट्रीय जलमार्ग पूछे जाते हैं। पाठ्यपुस्तक में तीन मानचित्र हैं — पृष्ठ 74, 77 और 80।
1. राजमार्ग गलियारे (पृष्ठ 74)
| गलियारा | दोनों छोर |
|---|---|
| उत्तर-दक्षिण | श्रीनगर ↔ कन्याकुमारी |
| पूर्व-पश्चिम | सिलचर (असम) ↔ पोरबंदर (गुजरात) |
2. बारह प्रमुख पत्तन (पृष्ठ 80)
| तट | पत्तन |
|---|---|
| पश्चिमी | कांडला (दीनदयाल) · मुंबई · जवाहरलाल नेहरू · मरमागाओ · न्यू-मैंगलोर · कोच्चि |
| पूर्वी | तूतीकोरन · चेन्नई · विशाखापट्नम · पारादीप · कोलकाता · हल्दिया |
3. प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय हवाई पत्तन (पृष्ठ 80)
| हवाई पत्तन | शहर |
|---|---|
| इंदिरा गांधी | दिल्ली |
| छत्रपति शिवाजी | मुंबई |
| नेताजी सुभाषचंद्र बोस | कोलकाता |
| मीनाम्बक्कम | चेन्नई |
| श्री गुरु रामदास जी | अमृतसर |
| — | हैदराबाद · थिरुवनंथपुरम · पोर्ट ब्लेयर |
4. राष्ट्रीय जलमार्ग
| संख्या | मार्ग |
|---|---|
| NW-1 | हल्दिया ↔ इलाहाबाद (गंगा) |
| NW-2 | सदिया ↔ धुबरी (ब्रह्मपुत्र) |
5. राजस्थान से जुड़े स्थान★
| मानचित्र | स्थान |
|---|---|
| राष्ट्रीय राजमार्ग (पृ. 74) | श्री गंगानगर · बीकानेर · जैसलमेर · बाड़मेर · जोधपुर · जयपुर · अजमेर · ब्यावर · उदयपुर · कोटा |
| रेलमार्ग (पृ. 77) | बीकानेर · जैसलमेर · जोधपुर · जयपुर · बाड़मेर · मुनाबो |
6. मानचित्र-अभ्यास के तीन नमूना प्रश्न
| प्रश्न | अंक |
|---|---|
| भारत के रेखा-मानचित्र पर उत्तर-दक्षिण तथा पूर्व-पश्चिम गलियारों के चारों छोर अंकित कीजिए। | 4 |
| भारत के रेखा-मानचित्र पर तीन पश्चिमी और तीन पूर्वी पत्तन दिखाइए। | 6 |
| भारत के रेखा-मानचित्र पर कांडला, विशाखापट्नम और कोलकाता पत्तन अंकित कीजिए। | 3 |
★सबसे आसान तरीक़ा — पश्चिम में छह पत्तन उत्तर से दक्षिण (कांडला → कोच्चि) और पूर्व में छह दक्षिण से उत्तर (तूतीकोरन → हल्दिया)। इसी क्रम में याद कीजिए, बिखरे हुए नहीं।
भाग छ — तीन नमूना परीक्षा-पत्र
नमूना पत्र 1 (कुल 20 अंक)
| प्र. | प्रश्न | अंक |
|---|---|---|
| 1 | भारत की पहली रेलगाड़ी कब और कहाँ चली? | 1 |
| 2 | उत्तर-दक्षिण गलियारा किन दो स्थानों को जोड़ता है? | 1 |
| 3 | देश का प्राचीनतम कृत्रिम पत्तन कौन-सा है? | 1 |
| 4 | सड़क परिवहन के तीन गुण बताएँ। | 2 |
| 5 | सीमांत सड़कों का महत्त्व बताएँ। | 2 |
| 6 | भारत में सड़कों का वर्गीकरण कीजिए। | 3 |
| 7 | परिवहन तथा संचार के साधन किसी देश की जीवन रेखा क्यों कहे जाते हैं? | 5 |
| 8 | भारत के रेखा-मानचित्र पर कांडला, मुंबई और कोच्चि पत्तन अंकित कीजिए। | 5 |
नमूना पत्र 2 (कुल 20 अंक)
| प्र. | प्रश्न | अंक |
|---|---|---|
| 1 | अटल टनल कितनी लंबी है और किन्हें जोड़ती है? | 1 |
| 2 | राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या 1 कौन-सा है? | 1 |
| 3 | देश का कितना व्यापार समुद्रों द्वारा होता है? | 1 |
| 4 | पाइपलाइन परिवहन के दो लाभ बताइए। | 2 |
| 5 | व्यापार से आप क्या समझते हैं? स्थानीय व अंतर्राष्ट्रीय व्यापार में अंतर स्पष्ट करें। | 2 |
| 6 | रेल परिवहन के वितरण को प्रभावित करने वाले कारकों का वर्णन कीजिए। | 3 |
| 7 | पिछले पंद्रह वर्षों में अंतर्राष्ट्रीय व्यापार की बदलती प्रवृत्ति पर एक लेख लिखें। | 5 |
| 8 | भारत के रेखा-मानचित्र पर विशाखापट्नम, पारादीप और हल्दिया अंकित कीजिए। | 5 |
नमूना पत्र 3 (कुल 20 अंक)
| प्र. | प्रश्न | अंक |
|---|---|---|
| 1 | सीमा सड़क संगठन की स्थापना कब हुई? | 1 |
| 2 | कांडला पत्तन का दूसरा नाम क्या है? | 1 |
| 3 | उड़ान योजना का पूरा नाम क्या है? | 1 |
| 4 | रेल परिवहन कहाँ पर अत्यधिक सुविधाजनक है तथा क्यों? | 2 |
| 5 | अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को ‘राष्ट्र का आर्थिक बैरोमीटर’ क्यों कहा जाता है? | 2 |
| 6 | संचार सेवाओं का वर्णन कीजिए। | 3 |
| 7 | भारत के प्रमुख समुद्री पत्तनों का वर्णन कीजिए। | 5 |
| 8 | भारत के रेखा-मानचित्र पर उत्तर-दक्षिण और पूर्व-पश्चिम गलियारों के चारों छोर अंकित कीजिए। | 5 |
अंतिम सलाह। इस अध्याय में सबसे ज़्यादा अंक तीन चीज़ों से मिलते हैं — 1. सड़क की महत्ता के छह कारण और सड़कों के छह वर्ग — दोनों पक्के कीजिए। 2. बारह पत्तन — हर एक के साथ एक पहचान-शब्द। 3. मानचित्र — जिसमें चारों गलियारा-छोर और छह-छह पत्तन ज़रूर याद रखिए।